इराकी जहाज के साथ कर्नाटक आया पाकिस्तानी नागरिक, भारत ने नहीं दी उतरने की इजाजत; फोन जब्त

बेंगलुरु। कर्नाटक के करवार बंदरगाह पर एक इराकी मालवाहक जहाज ‘एमटी आर ओशन’ के चालक दल में शामिल एक पाकिस्तानी नागरिक को भारत में प्रवेश करने से रोक दिया गया। यह जहाज 11 मई की रात को इराक के अल जुबैर से बिटुमेन (डामर) लेकर करवार बंदरगाह पर पहुंचा था। बंदरगाह अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तानी और सीरियाई नागरिकों को जहाज से उतरने की अनुमति नहीं दी और उनके मोबाइल फोन सहित सभी दस्तावेज जब्त कर लिए। यह निर्णय 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा सतर्कता के तहत लिया गया। उस हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे। वरिष्ठ बंदरगाह अधिकारी ने बताया कि जहाज के चालक दल में कुल 18 सदस्य थे, जिनमें 15 भारतीय, एक पाकिस्तानी और दो सीरियाई नागरिक शामिल थे। यह जहाज इराक के अल ज़ुबैर बंदरगाह से चलकर भारत आया था और इसमें बिटुमिन लदा हुआ था। बंदरगाह पर जब यह पोत पहुंचा, तो निरीक्षण के दौरान पाकिस्तानी और सीरियाई नागरिकों की मौजूदगी ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया। इसके बाद कोस्टल सिक्योरिटी पुलिस और अन्य सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन तीनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए, ताकि वे बाहर किसी से संपर्क न कर सकें। इन तीनों विदेशी नागरिकों को दो दिनों तक जहाज पर ही रखा गया। जहाज से माल उतरवा लिया गया। बंदरगाह अधिकारी ने बताया, “हालांकि अंतरराष्ट्रीय मालवाहक जहाजों पर विभिन्न देशों के नागरिक चालक दल के रूप में होते हैं, लेकिन भारतीय बंदरगाहों पर उतरने के लिए उन्हें विशेष अनुमति की आवश्यकता होती है। मौजूदा सुरक्षा हालातों को देखते हुए यह अनुमति नहीं दी गई।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *