अयोध्‍या: राम पथ पर अब नहीं बिकेगी शराब और मांस, इनरवियर के विज्ञापन भी नहीं दिखेंगे

अयोध्‍या: रामनगरी अयोध्या में नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने राम पथ के 14 किलोमीटर के दायरे में शराब और मांस की बिक्री पर रोक लगाने का प्रस्ताव पास किया है। राम पथ, अयोध्या और फैजाबाद को जोड़ता है। इस रास्ते पर राम मंदिर भी है। इसके साथ ही पान, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट और इनरवियर के विज्ञापन पर भी रोक लगेगी। निगम का कहना है कि यह फैसला शहर की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखकर लिया गया है।
अयोध्या में पहले से ही मांस और शराब की बिक्री पर कई जगह रोक है। अब इस नए प्रस्ताव से अयोध्‍या के कुछ और इलाके भी इसमें शामिल हो जाएंगे। मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या नगर निगम की कार्यकारी समिति ने शहर की धार्मिक भावना को बनाए रखने के लिए इस प्रतिबंध को लागू करने का प्रस्ताव पारित किया हैं। कार्यकारी समिति में बीजेपी के मुस्लिम पार्षद सुल्तान अंसारी भी शामिल हैं।
कब से लागू होगा नियम, जल्‍द बताएगा निगम
राम पथ सरयू तट से शुरू होकर फैजाबाद शहर तक जाता है। इस रास्ते पर अभी मांस और शराब की कई दुकानें हैं। जल्द ही नगर निगम यह बताएगा कि यह नियम कब से लागू होगा और इसे कैसे लागू किया जाएगा। इसके अलावा, अयोध्या नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट भी पास किया है। यह बैठक मेयर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। निगम को 7 अरब 56 करोड़ 61 लाख 27 हजार रुपये की कमाई होने का अनुमान है। वहीं, 7 अरब 42 करोड़ 55 लाख 96 हजार रुपये खर्च करने का प्लान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *