अभनपुर-राजिम मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा,दो लोगो की मौत

अभनपुर। 3 अप्रैल को शाम करीब 7 बजे अभनपुर-राजिम मार्ग (नेशनल हाईवे 130सी) पर गातापार नहर के पास एक कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभनपुर में टाइल्स फिटिंग का काम करने वाले भोजराज साहू (38 वर्ष, निवासी भेंडरी,) और उनके सहयोगी लक्की साहू (19 वर्ष, निवासी बजरंगपुर) एक ही मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान, सामने से आ रही कार (क्रमांक सीजी 04 एनके 3234) ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी। भोजराज साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल लक्की साहू को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रात 2 बजे उसकी भी मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार अत्यधिक तेज थी और टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरा। दोनों युवक अपने सही साइड में सावधानीपूर्वक वाहन चला रहे थे।सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने और कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन जप्त करने की कार्रवाई की।यह सड़क हादसा फिर एक बार अधूरे सड़क निर्माण और ठेकेदारों की लापरवाही को उजागर करता है। अभनपुर से राजिम मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां पुरानी और नई सड़कें आपस में मिलती हैं, लेकिन न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही कोई सुरक्षात्मक व्यवस्था थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके प्रशासन और संबंधित विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *