पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले में प्रारंभ किया गया समाधान सेल

बलौदाबाजार। पुलिस कम्युनिटी हॉल बलौदाबाजार में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के मुख्य अतिथ्य में “समाधान सेल” का विधिवत उद्घाटन किया गया। प्राय: यह देखने में आता है कि आम जनता जब पुलिस से दूरी बनाकर रखती है, तब आसानुकूल पुलिस को अपराधों की रोकथाम तथा पुलिसिंग में किसी प्रकार की सफलता नहीं मिलती। परंतु जहां पर पुलिस से आम जनता घुलमिल जाती है तथा पुलिस को अपना समझने लगती है, पुलिस पर विश्वास करने लगती है, वहां अपराधियों को पकड़ने में अभूतपूर्व सफलता मिलती है तथा कानून व्यवस्था में भी आश्चर्यजनक परिणाम सामने आते हैं। उक्त तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए तथा आम जनों से सीधे मेलजोल एवं जानकारी प्राप्त कर उनकी शिकायतों का त्वरित निराकरण करने एवं अपराधिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने हेतु पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में “समाधान सेल” का गठन किया गया है तथा “समाधान सेल का गठन कर हेल्पलाइन नंबर 94792 20392” जारी किया गया है।

उक्त हेल्पलाइन नंबर पर कोई भी फरियादी अथवा आवेदक कॉल करके अथवा व्हाट्सएप के जरिए अपना आवेदन या शिकायत या कोई भी सूचना दर्ज करा सकता है। “समाधान सेल पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता की निगरानी में 24 घंटे कार्य करेगा” तथा समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 के माध्यम से किसी शिकायत या रिपोर्ट पर त्वरित कार्यवाही कर प्रकरण का अविलंब निष्पादन किया जाएगा। “समाधान सेल” के माध्यम से आमजनों एवं पुलिस के मध्य सीधा संवाद संभव हो पाएगा। इसके जरिए किसी प्रकार की भी शिकायत अथवा सूचना पर त्वरित कार्रवाई होगी तथा आम जनों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। एक फोन कॉल अथवा व्हाट्सएप मैसेज के जरिए आमजनों की शिकायतों का समाधान संभव हो जाएगा। इसके साथ ही अपराधिक गतिविधियों की सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम सर्वथा गोपनीय रखा जाएगा।

उद्घाटन कार्यक्रम के अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि, “समाधान सेल” में प्राप्त सूचनाओं, शिकायतों के निराकरण के लिए एक विशेष टीम गठित रहेगी। इसमें अवैध गतिविधियों के संबंध में प्राप्त सूचनाओं पर 24 घंटे में एवं सामान्य शिकायतों के निराकरण के लिए 72 घंटे की समयसीमा निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त आमजनों से मिले प्रतिक्रिया के हिसाब से इसमें और अधिक कारगर कार्ययोजना बनाई जावेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *