ऑपरेशन सिंदूर के बाद PM मोदी से मिलने को पहुंचे अमित शाह, राजनाथ भी पहुंचे प्रधानमंत्री आवास

नई दिल्ली। पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए तीनों सेनाओं ने मिलकर आज ऑपरेशन सिंदूर को लॉन्च किया। पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। सेना के सौर्य प्रदर्शन के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए अमित शाह और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री आवास पहुंचे हैं।

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में पाकिस्तान में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा किए गए हमलों के मद्देनजर बुधवार को सभी अर्द्धसैनिक बलों के प्रमुखों को निर्देश दिया कि वे छुट्टी पर गए अपने कर्मियों को वापस बुला लें। शाह जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने उनसे यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले आम नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

सूत्रों ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आपात स्थिति में नागरिक आबादी के आश्रय के लिए बंकरों को तैयार रखने को भी कहा है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रमुखों को अपने उन कर्मियों को वापस बुलाने का निर्देश दिया जो छुट्टी पर हैं। सूत्रों के अनुसार, शाह ने देश में आंतरिक सुरक्षा स्थिति की भी समीक्षा की और शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों को सतर्क रहने तथा कड़ी निगरानी रखने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *